Chhattisgarh

भाई के सामने बहन से गैंगरेप का आरोप: जंगल में ले जाकर वारदात, तीन आरोपी हिरासत में

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक युवती के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिश्तेदार के घर जाते समय युवती को दो युवकों ने रास्ते से रोककर जंगल में ले गए और उसके भाई को बंधक बनाकर उसके सामने ही दुष्कर्म किया। वारदात में तीसरे युवक के भी शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और जांच शुरू कर दी है।

घटना वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 19 वर्षीय युवती रविवार दोपहर अपने फुफेरे भाई के साथ पैदल रिश्तेदार के घर जा रही थी। दोनों कोटराही जंगल के रास्ते से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने दोनों को धमकाया और जबरन जंगल की ओर ले गए।

जंगल में पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवती के भाई के हाथ-पैर बांध दिए और उसे बंधक बना लिया। इसके बाद युवती के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने अपने एक अन्य साथी को भी फोन कर मौके पर बुलाया, जिसने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह युवती और उसका भाई वहां से निकलकर वाड्रफनगर पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

वाड्रफनगर चौकी प्रभारी डाकेश्वर सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपी कोटराही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता और आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button