दिल्ली PG हादसा: बेसमेंट में तोड़फोड़ से 5 मंजिला इमारत गिरी, 6 की मौत; मलबे में अब भी रेस्क्यू जारी

दिल्ली। नई दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर गिरी 5 मंजिला इमारत के मलबे में सोमवार सुबह तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। 5 गंभीर घायलों को AIIMS में भर्ती कराया गया है। मलबे में अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। NDRF की टीम रेस्क्यू डॉग और कैमरों की मदद से उनकी तलाश कर रही है।
हादसा दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। करीब 40 साल पुरानी यह इमारत PG के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी। MCD रिकॉर्ड के मुताबिक हादसे से पहले इसे खतरनाक घोषित नहीं किया गया था।
बेसमेंट में 7 दिन से चल रही थी तोड़फोड़
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत के बेसमेंट में पिछले करीब 7 दिनों से तोड़फोड़ और खुदाई का काम चल रहा था। बेसमेंट पहले से कमजोर था और उसमें पानी भी भरा हुआ था। इसी दौरान एक पिलर खिसकने से पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे के समय वहां काम कर रहे मजदूर और छात्र मलबे में दब गए।
पड़ोसी बिल्डिंग में भी दरारें
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आसपास की इमारतों को लेकर भी खतरा बढ़ गया। हादसे के पास बनी एक दूसरी बिल्डिंग में दरारें दिखाई देने के बाद उसे खाली कराया गया। मलबा हटाने के दौरान उसके गिरने का खतरा देखते हुए सपोर्ट के लिए पिलर लगाए गए हैं।
मालिक पर FIR, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
पुलिस ने बिल्डिंग मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और लापरवाही की धाराओं में FIR दर्ज की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि शुरुआती जांच में लापरवाही या स्ट्रक्चरल फेलियर की आशंका है। उन्होंने बिना मंजूर नक्शे के निर्माण करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। MCD ने सत्य निकेतन और आसपास की जर्जर इमारतों पर नोटिस लगाने की कार्रवाई भी शुरू की है।





