सरकारी डेटा की सुरक्षा के लिए बनेगा मजबूत सिस्टम: 2027 तक DPDP एक्ट लागू करने की तैयारी, सभी विभागों के ऐप में एक जैसा कंसेंट मॉड्यूल होगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी डेटा की सुरक्षा और विभागों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को व्यवस्थित करने के लिए मजबूत डेटा गवर्नेंस सिस्टम विकसित किया जाएगा।
इसके लिए शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट डेटा गवर्नेंस कमेटी की पहली बैठक हुई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में डेटा सेंटर विकसित करने और डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) एक्ट-2023 लागू करने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
2027 तक एक्ट लागू करने की तैयारी
बैठक में वर्ष 2027 तक DPDP एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई। इसके तहत नागरिकों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा, उसके रखरखाव और इस्तेमाल की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया गया। डेटा फिड्यूशियरी और डेटा प्रोसेसर की भूमिका के साथ केंद्र और राज्य के विभागों की जवाबदेही पर भी विचार किया गया।
एक्ट के तहत नागरिकों को अपने व्यक्तिगत डेटा की जानकारी लेने, उसमें सुधार कराने और उसे हटाने का अनुरोध करने का अधिकार मिलेगा। इसके अलावा शिकायत दर्ज कराने, प्रतिनिधि नामित करने और पहले दी गई सहमति वापस लेने की सुविधा भी शामिल है।
सभी सरकारी ऐप में एक जैसी व्यवस्था
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी विभागों के एप्लीकेशन में नागरिकों की सहमति लेने के लिए केंद्रीकृत कंसेंट मॉड्यूल तैयार किया जाए। यह व्यवस्था सरल, सुरक्षित और स्वचालित होनी चाहिए, ताकि अलग-अलग विभागों के ऐप में सहमति प्रबंधन का तरीका एक जैसा रहे।
डेटा सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर (SOC) के जरिए 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
‘डिजिटल द्वार’ से जुड़ेगा डेटा
बैठक में राज्य के डेटा एक्सचेंज प्लेटफॉर्म ‘डिजिटल द्वार’ के उपयोग और विकास पर चर्चा हुई। इसके जरिए विभागों के बीच जरूरत के मुताबिक डेटा साझा किया जा सकेगा।
इससे योजनाओं की निगरानी और नीति निर्माण में मदद मिलेगी। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को एक्ट और डिजिटल द्वार की जानकारी देने के लिए कार्यशाला आयोजित करने तथा आगे की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। बैठक में सचिव अंकित आनंद, भुवनेश यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





