ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में 18 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या, देवी प्रतिमा आने के बाद नाचने पर विवाद की आशंका

रायपुर। राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान महात्मा गांधी नगर निवासी गौरव सेन के रूप में हुई है।

वारदात अमलीडीह के स्वर्ण जयंती चौक के पास रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच हुई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

नाचने की बात पर विवाद की आशंका

जानकारी के मुताबिक, गौरव पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, माता की प्रतिमा आने के बाद नाचने की बात को लेकर विवाद हुआ था।

आशंका है कि इसी विवाद के दौरान गौरव पर चाकू से हमला किया गया। हालांकि, पुलिस ने इस वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किन लोगों के बीच हुआ था और हमला किस परिस्थिति में किया गया। घटना के समय गौरव के साथ मौजूद लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस

न्यू राजेंद्र नगर थाना प्रभारी अजहरुद्दीन के मुताबिक, महात्मा गांधी नगर निवासी गौरव सेन की चाकू मारकर हत्या की गई है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

घटनास्थल के आसपास पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और विवाद की शुरुआत कैसे हुई। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

राजधानी में हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button