StateNewsदेश - विदेश

‘वोट चोरी’ के आरोप पर INDIA ब्लॉक का मार्च आज: सुप्रीम कोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई, दिल्ली में 30 हजार से ज्यादा जवान तैनात

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग; राहुल गांधी-खरगे को CJI सूर्यकांत से नहीं मिला मुलाकात का समय, ITO में ट्रैफिक डायवर्जन

दिल्ली। कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर INDIA ब्लॉक के विरोध मार्च से पहले सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई। विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की तैयारी में हैं। इसे देखते हुए दिल्ली में 30 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। राजधानी में लगातार तीसरे दिन हाई अलर्ट जारी रहा।

मार्च से पहले बाराखंभा रोड, मंडी हाउस और जंतर-मंतर समेत कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी तैनात हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता हिमाचल भवन में जुटे और नारेबाजी की। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर लोगों से अपने वोट और देश के लिए आवाज उठाने की अपील की।

CJI ने मुलाकात से किया इनकार

INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था। हालांकि, CJI ने सोमवार को बताया कि उन्हें रविवार को मुलाकात के लिए पत्र मिला था और उन्होंने जवाब देकर मुलाकात नहीं कर पाने की वजह बता दी थी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने इस पर कहा कि देश के लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग से मुलाकात नहीं होने के कारण विपक्ष को CJI से मिलने का अनुरोध करना पड़ा।

इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदर्शन ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग की कार्यप्रणाली में बार-बार गड़बड़ियां सामने आई हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी कहा कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को ज्ञापन सौंपकर लोकतंत्र से जुड़े मुद्दे उठाएगा।

कांग्रेस सांसद गद्दम वामसी कृष्णा ने भाजपा पर युवाओं और पहली बार मतदान करने वालों के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और फॉर्म-6 को लेकर भी सवाल उठाए।

ITO में ट्रैफिक डायवर्जन

प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ITO और आसपास के इलाकों में प्रतिबंध और डायवर्जन लागू करने की जानकारी दी। डीडीयू मार्ग पर प्रदर्शन के कारण जाम की आशंका जताई गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button