ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा रद्द, RPF के स्थापना दिवस समारोह में होना था शामिल

रायपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द हो गया है। उन्हें सोमवार, 12 अक्टूबर को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। रेल मंत्री के दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन पिछले एक महीने से तैयारियों में जुटा था। उनके दौरे की तारीख पहले 9 अक्टूबर तय की गई थी, जिसे बाद में बदलकर 12 अक्टूबर किया गया था।

राजधानी में आयोजित होने वाले इस समारोह में रेलवे सुरक्षा, यात्रियों की संरक्षा और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा में RPF की भूमिका को प्रदर्शित करने की तैयारी थी। कार्यक्रम में RPF की महानिदेशक सोनाली मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और RPF के महानिरीक्षक मुनव्वर खुर्शीद सहित रेलवे, प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना थी।

सेरेमोनियल परेड होती प्रमुख आकर्षण

स्थापना दिवस समारोह में सेरेमोनियल परेड प्रमुख आकर्षण रहने वाली थी। इसमें महिला टुकड़ी, कोरस कमांडो टुकड़ी, डॉग स्क्वॉड और सेगवे टुकड़ी शामिल होने वाली थीं। इनके जरिए RPF के अनुशासन, प्रशिक्षण और आधुनिक सुरक्षा तैयारियों का प्रदर्शन किया जाना था।

अधिकारियों और जवानों को मिलना था सम्मान

समारोह में उत्कृष्ट सेवा और राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए RPF के अधिकारियों और जवानों को सम्मानित करने की योजना थी। इसमें विशिष्ट सेवा के लिए तीन राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा के लिए 30 पुलिस पदक और वर्ष 2024 में रेल यात्री की जान बचाने के लिए जीवन रक्षा पदक शामिल थे।

तकनीकी प्रदर्शनी में दिखने थे आधुनिक उपकरण

कार्यक्रम में तकनीकी प्रदर्शनी भी प्रस्तावित थी। इसमें ड्रोन पेट्रोलिंग, ह्यूमनॉइड रोबोट, अर्जुन और अपराध पहचान से जुड़े डिजिटल टूल्स CCTNS व NAFIS प्रदर्शित किए जाने थे। इनके जरिए रेलवे सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल और सुरक्षा बल की आधुनिक तैयारियों को दिखाया जाना था।

फिलहाल रेल मंत्री का दौरा रद्द होने से उनके स्वागत और कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों पर असर पड़ा है। दौरा रद्द होने की वजह अपरिहार्य परिस्थितियां बताई गई हैं।

Related Articles

Back to top button