StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

अमिताभ बच्चन के 84वें जन्मदिन पर ‘जलसा’ के बाहर जुटे फैंस, आधी रात को काटा केक और किया डांस

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के 84वें जन्मदिन पर मुंबई स्थित उनके बंगले ‘जलसा’ के बाहर जश्न का माहौल रहा। रविवार को जन्मदिन की बधाई देने के लिए बीती रात से ही फैंस की भीड़ जुटने लगी। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे प्रशंसक अपने साथ केक, मिठाइयां और अमिताभ बच्चन के पोस्टर लेकर आए थे।

रात 12 बजते ही फैंस ने अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उनके पोस्टर लेकर प्रशंसकों ने नारे लगाए और अभिनेता की लंबी उम्र व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं। कई प्रशंसक ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते नजर आए। अमिताभ बच्चन के एक हमशक्ल ने भी जश्न में हिस्सा लिया और लोगों के साथ केक बांटा।

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों से पहुंचे फैंस

अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर हर साल उनके घर के बाहर प्रशंसकों का जमावड़ा लगता है। इस बार भी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, गुजरात समेत कई राज्यों से लोग मुंबई पहुंचे। प्रशंसकों में अभिनेता के प्रति उत्साह देखने लायक था। कई लोग उनके पोस्टर और तस्वीरें लेकर पहुंचे, जबकि कुछ ने ढोल-नगाड़ों के साथ जन्मदिन मनाया।

सोशल मीडिया पर भी मिल रहीं बधाइयां

अमिताभ बच्चन ने जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सुबह हो गई, और बैठे हैं आप के साथ!” उनके इस संदेश के बाद प्रशंसकों ने भी सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देनी शुरू कर दीं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी X पर पोस्ट कर अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने अभिनेता के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

11 अक्टूबर 1942 को हुआ था जन्म

अमिताभ बच्चन का जन्म 11 अक्टूबर 1942 को इलाहाबाद, वर्तमान प्रयागराज, में हुआ था। दशकों से हिंदी सिनेमा में सक्रिय अमिताभ बच्चन ने अपनी दमदार आवाज, अभिनय और अलग अंदाज से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। उनके जन्मदिन पर फैंस का यह उत्साह उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button