StateNewsदेश - विदेश

छत्तीसगढ़ में NEET UG के तीसरे राउंड में 431 सीटें खाली: 15 अक्टूबर तक लेना होगा एडमिशन, छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे केंद्र

MBBS की 206 और BDS की 225 सीटें रिक्त; प्रवेश नहीं लेने पर जब्त हो सकती है सिक्योरिटी राशि

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश के लिए NEET UG काउंसिलिंग के तीसरे चरण यानी मॉप-अप राउंड की आवंटन सूची जारी कर दी गई है। प्रदेश में MBBS और BDS की कुल 431 सीटें खाली हैं। इनमें MBBS की 206 और BDS की 225 सीटें शामिल हैं। आवंटित सीटों पर प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को 12 से 15 अक्टूबर तक दस्तावेजों का सत्यापन और एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की स्क्रूटनी 12 अक्टूबर सुबह 10 बजे से शुरू होगी। सत्यापन की अंतिम समय-सीमा 15 अक्टूबर शाम 4 बजे तक है, जबकि आवंटित कॉलेज में प्रवेश लेने के लिए शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर अभ्यर्थियों का प्रवेश का अवसर समाप्त हो सकता है। निर्धारित अवधि में पड़ने वाले अवकाश के दिनों में भी संबंधित केंद्र खुले रहेंगे।

सरकारी और निजी कॉलेजों में अलग-अलग सत्यापन

शासकीय मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित कॉलेज में किया जाएगा। निजी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश पाने वाले छात्रों की स्क्रूटनी नवा रायपुर के उपरवारा स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान भवन में होगी। वहीं, निजी डेंटल कॉलेजों में आवंटित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में किया जाएगा।

प्रवेश नहीं लेने पर सिक्योरिटी राशि जब्त

काउंसिलिंग के तीसरे चरण में सीट आवंटित होने के बाद प्रवेश नहीं लेने या प्रवेश के बाद सीट छोड़ने पर नियमानुसार अभ्यर्थी की जमा सिक्योरिटी या पंजीयन राशि जब्त की जा सकती है। ऐसे अभ्यर्थी चालू शैक्षणिक सत्र की आगे की काउंसिलिंग प्रक्रिया से भी बाहर हो सकते हैं।

अभ्यर्थी काउंसिलिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी और दिशा-निर्देश चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट cgdme.admissions.nic.in पर देख सकते हैं।

Related Articles

Back to top button