StateNews

‘दृश्यम 3’ ने 10 दिन में कमाए 309.50 करोड़: अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म बनी

दूसरे रविवार को ₹23 करोड़ का कलेक्शन; ‘तानाजी’ और ‘दृश्यम 2’ का लाइफटाइम रिकॉर्ड तोड़ा, जयदीप अहलावत निभा रहे पुलिस अफसर का किरदार

मुंबई। अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने महज 10 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 309.50 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर लिया है। इसके साथ ही यह अजय देवगन के 33 साल से ज्यादा लंबे फिल्मी करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।

फिल्म की सस्पेंस से भरी कहानी और क्लाइमैक्स दर्शकों को पसंद आ रहा है। इसका असर दूसरे वीकेंड की कमाई पर भी दिखाई दिया। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन यानी दूसरे रविवार को करीब 23 करोड़ रुपए कमाए। इससे पहले दूसरे शनिवार को फिल्म ने 26.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।

‘तानाजी’ और ‘दृश्यम 2’ को पीछे छोड़ा

‘दृश्यम 3’ ने 10 दिनों में ही अजय देवगन की पिछली सबसे सफल फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उनकी फिल्म ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ का लाइफटाइम कलेक्शन करीब 280 करोड़ रुपए रहा था, जबकि ‘दृश्यम 2’ ने लगभग 240 करोड़ रुपए कमाए थे। अब 309.50 करोड़ रुपए के कलेक्शन के साथ तीसरा पार्ट सबसे आगे निकल गया है।

पुराने किरदारों की वापसी

फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आ रहे हैं। कहानी में वह अपने परिवार को पुलिस की जांच से बचाने के लिए नए दांव चलते दिखाई देते हैं। फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और कमलेश सावंत जैसे कलाकार भी लौटे हैं।

वहीं, सौरभ शुक्ला कैमियो में नजर आते हैं। इस बार पुलिस अधिकारी की भूमिका में जयदीप अहलावत दिखाई दे रहे हैं। वह मामले की बारीकी से जांच करते हैं। फिल्म की लगातार मजबूत कमाई से निर्माताओं को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इसका कलेक्शन और बढ़ेगा।

Related Articles

Back to top button