ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बस्तर बाढ़ प्रभावितों को 9.39 करोड़ की राहत राशि, पुनर्वास कार्य तेज

रायपुर। बस्तर अंचल में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई भारी बारिश और ओडिशा के खातीगुड़ा व मुरान बांधों से छोड़े गए पानी के कारण आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को प्रशासन ने अब तक 9 करोड़ 39 लाख 29 हजार 898 रुपए की राहत राशि वितरित की है।

यह राशि सीधे प्रभावितों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। प्रशासन ने राहत और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लंबित प्रकरणों के जल्द निराकरण के निर्देश दिए हैं।

सबसे ज्यादा 8 करोड़ 78 लाख 15 हजार 398 रुपए मकान क्षति के मुआवजे के तौर पर दिए गए हैं। इनमें पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 8 करोड़ 2 लाख 23 हजार 391 रुपए और आंशिक क्षति वाले मकानों के लिए 75 लाख 92 हजार 7 रुपए शामिल हैं।

घरेलू सामान और बर्तन के नुकसान के लिए 52 लाख 45 हजार रुपए, जनहानि के मामलों में आश्रितों को 8 लाख रुपए और पशुहानि के लिए 69 हजार 500 रुपए की सहायता दी गई है।

राजस्व विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले ने प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से सर्वे कर प्रकरणों का निराकरण किया। कलेक्टर आकाश छिकारा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मकान क्षति के शेष मामलों को भी प्राथमिकता से निपटाया जाए, ताकि कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे।

पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों वाले परिवारों को तत्काल आश्रय देने के लिए प्रशासन बांस, बल्ली और तिरपाल जैसी जरूरी सामग्री उपलब्ध करा रहा है।

बाढ़ के बाद जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन और गांवों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। कमिश्नर डोमन सिंह और कलेक्टर आकाश छिकारा प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button