ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सेवा सेतु बना उम्मीद का सहारा, श्रमिक परिवार के बच्चों की पढ़ाई को मिलेगा संबल

रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव-गांव लगाए जा रहे सेवा सेतु शिविर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम कर रहे हैं।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही विकासखंड के ग्राम पंचायत कटरा में लगे शिविर में ग्राम पंचायत उषाढ़ निवासी विरेन्द्र सिंह को मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत पात्र पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।

विरेन्द्र सिंह शासकीय योजनाओं और अपनी समस्याओं के समाधान की जानकारी लेने शिविर पहुंचे थे। इसी दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों ने उन्हें मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना की पात्रता, सहायता राशि और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। योजना उनके बच्चों की पढ़ाई के लिए उपयोगी होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन की प्रक्रिया पूरी की।

गांव के पास ही मिली योजना की जानकारी और आवेदन में मदद

शिविर में विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी के कारण विरेन्द्र सिंह को योजना की जानकारी लेने के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्हें एक ही स्थान पर पात्रता और आवेदन से जुड़ी जानकारी के साथ जरूरी मार्गदर्शन मिला। इससे सरकारी योजना तक उनकी पहुंच आसान हुई।

विरेन्द्र सिंह ने बताया कि सीमित आय में बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना परिवार के लिए चुनौतीपूर्ण रहता है। ऐसे में छात्रवृत्ति से मिलने वाली आर्थिक सहायता बच्चों की शिक्षा जारी रखने में मददगार होगी। उन्होंने कहा कि गांव के नजदीक शिविर लगने से उन्हें ऐसी योजना की जानकारी मिली, जिसके बारे में पहले पता नहीं था।

मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देकर पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।

सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी, आवेदन और जरूरी प्रक्रियाओं का मार्गदर्शन ग्रामीणों को उनके गांव के नजदीक मिल रहा है। इससे पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की राह आसान हो रही है।

Related Articles

Back to top button