ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राज्य स्तरीय रोजगार मेले में पहले दिन 5,018 युवाओं ने कराया पंजीयन, 2 हजार से ज्यादा चयनित

रायपुर। राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले के पहले दिन युवाओं में रोजगार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। प्रदेशभर से पहुंचे 5,018 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया।

मेले में शामिल 85 निजी संस्थानों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर प्रारंभिक चयन प्रक्रिया पूरी की। इसमें दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

रोजगार मेले का आयोजन प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में नौकरी की तलाश कर रहे युवा रायपुर पहुंचे। विभिन्न कंपनियों और संस्थानों की ओर से उपलब्ध रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार और अन्य चयन प्रक्रियाएं आयोजित की गईं।

एक ही मंच पर कंपनियों और युवाओं की मुलाकात

रोजगार मेले में युवाओं को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार विभिन्न संस्थानों में सीधे आवेदन और चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिला। इससे नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को कंपनियों से सीधे संपर्क करने और उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी लेने में सुविधा हुई।

मेले में शामिल निजी संस्थानों ने अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों की योग्यता और कौशल का आकलन किया। प्रारंभिक चयन के बाद अब चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

8 अक्टूबर को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित प्रदेश के मंत्रीगण भी मौजूद रहेंगे। नियुक्ति पत्र मिलने के साथ चयनित युवाओं के लिए रोजगार की नई राह खुलेगी।

Related Articles

Back to top button