ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘चेन्दरू’ ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी, 15 अक्टूबर तक मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले व्यक्तियों व संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार-2026’ के आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2026 कर दी है। चयनित व्यक्ति या संस्था को एक लाख रुपए नकद और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कार का उद्देश्य ग्रामीण पर्यटन को स्थानीय रोजगार और आजीविका से जोड़ना, होमस्टे को बढ़ावा देना तथा स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को प्रोत्साहित करना है। पुरस्कार प्रतिवर्ष राज्योत्सव एवं राज्य स्थापना दिवस अलंकरण समारोह में दिया जाएगा। एक व्यक्ति या संस्था को यह सम्मान जीवनकाल में केवल एक बार मिलेगा।

छह श्रेणियों में होगा मूल्यांकन

प्रविष्टियों का मूल्यांकन एथनिक, ईको, धार्मिक, हेरिटेज, एडवेंचर तथा मेडिकल एंड वेलनेस टूरिज्म के क्षेत्र में किए गए कार्यों के आधार पर होगा। ग्रामीण पर्यटन के विकास, होमस्टे, रोजगार सृजन, पर्यटकों को उपलब्ध कराए जा रहे अनुभव, धरोहर संरक्षण और स्थानीय समुदाय की भागीदारी को विशेष महत्व दिया जाएगा। पर्यटकों की संख्या में बदलाव और किए गए कार्यों के प्रभाव का भी आकलन होगा।

व्यक्ति और संस्था दोनों कर सकेंगे आवेदन

आवेदकों को निर्धारित प्रारूप में परिचय, पता, फोटो, छत्तीसगढ़ निवास प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड की सत्यापित प्रति के साथ ग्रामीण पर्यटन में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण देना होगा।

अन्य पुरस्कारों और प्रकाशित सामग्री की जानकारी भी संलग्न की जा सकती है। छह सदस्यीय जूरी प्रविष्टियों का परीक्षण करेगी। आवेदन 15 अक्टूबर तक पंजीकृत डाक से प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, उद्योग भवन, रिंग रोड नंबर-1, रायपुर-492001 के पते पर पहुंचना जरूरी है। अधिक जानकारी के लिए 73545-80006 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button