सिंगापुर दौरे से छत्तीसगढ़ को 43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, कौशल विकास पर भी समझौता

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का तीन दिवसीय सिंगापुर दौरा निवेश, कौशल विकास और वैश्विक साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।
प्रदेश को इस दौरान 43,600 करोड़ रुपए की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इनमें 41,750 करोड़ रुपए का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस प्रमुख है। इसके अलावा कौशल विकास के लिए ITE Education Services, Singapore के साथ एमओयू किया गया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING Forum-2026 में भागीदारी के लिए छत्तीसगढ़ और हरियाणा को चुना था। सिंगापुर की Energy Capital Global ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए 41,750 करोड़ रुपए निवेश की प्रतिबद्धता जताई है।
Sunstream Green Energy ने सोलर, बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के लिए 1,500 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव में रुचि दिखाई। वहीं Valency International ने एग्रो-फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब के लिए 350 करोड़ रुपए के निवेश की संभावना जताई।
युवाओं को उद्योगों के अनुरूप मिलेगा प्रशिक्षण
ITE Education Services के साथ समझौते के तहत तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इससे युवाओं को आधुनिक तकनीक और कौशल के आधार पर रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने SING Forum में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाएं वैश्विक निवेशकों के सामने रखीं। 15 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ सीईओ राउंडटेबल में निवेश और व्यावसायिक साझेदारी पर चर्चा हुई।
GFTN के साथ एआई और डिजिटल फाइनेंस प्रशिक्षण तथा स्टार्टअप्स को वैश्विक बाजार से जोड़ने की संभावनाओं पर भी बातचीत हुई।
ग्रीन टूरिज्म पर भी साझेदारी की पहल
Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group के साथ बैठक में नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन और नंदनवन जंगल सफारी को विश्वस्तरीय स्वरूप देने पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए सरकार लगातार फॉलोअप करेगी, ताकि युवाओं के लिए रोजगार और स्थानीय उद्योगों के लिए नए अवसर तैयार हो सकें।



