ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मिर्च की आड़ में गांजा तस्करी: जशपुर में 440 किलो माल जब्त, 2 आरोपी पकड़े

जशपुर। जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए बताई गई है।

तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने गांजा और वाहन समेत कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

ऊपर मिर्च की बोरियां, नीचे छिपाया था गांजा

कार्रवाई 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर की गई। एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोककर तलाशी ली गई।

ट्रक में सवार दोनों युवकों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने ट्रक में मिर्च की बोरियां होने और उन्हें ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की जानकारी दी।

पुलिस को संदेह होने पर ट्रक की बारीकी से जांच की गई। ऊपर रखी मिर्च की बोरियां हटाने पर नीचे दूसरी बोरियां मिलीं। इनमें टेप से लिपटे पैकेट रखे हुए थे। पैकेट खोलने पर गांजा मिला।

14 बोरियों में मिले 440 पैकेट

पुलिस के मुताबिक 14 बोरियों से कुल 440 पैकेट बरामद हुए। वजन करने पर गांजे की मात्रा 440.63 किलो निकली। आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा के बोध क्षेत्र से गांजा लेकर प्रयागराज जाने की बात बताई है। पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले और इसे आगे प्राप्त करने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है।

जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है।

Related Articles

Back to top button