ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मंत्री राजेश अग्रवाल ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता और सेवा का संदेश

गांधी जयंती पर लखनपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वच्छता कार्यक्रम में हुए शामिल, लोगों से नियमित स्वच्छता अपनाने की अपील

रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत लखनपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित स्वच्छता सेवा कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से अपने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ की। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने स्वच्छता को व्यक्ति और समाज के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना था। उनके विचार आज भी लोगों को स्वच्छता, अनुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित करते हैं।

स्वच्छता को जीवनशैली बनाने की अपील

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन चलाया जाने वाला अभियान नहीं है। इसे दैनिक जीवन और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने की जरूरत है। जब प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाएगा, तभी स्वच्छ और स्वस्थ समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सेवा की भावना को मजबूत करना है। स्वच्छता भी समाज और राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। आसपास का वातावरण साफ रखकर हर नागरिक स्वास्थ्य, पर्यावरण और बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान दे सकता है।

नागरिकों से लिया स्वच्छता का संकल्प

मंत्री ने नागरिकों से स्वच्छता को नियमित आदत बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिवेश स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। गांधी जयंती पर सभी को अपने गांव, नगर और प्रदेश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान कर स्वच्छता एवं सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button