ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 12 जिलों में 40 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा: रायपुर-दुर्ग समेत कई इलाकों में बारिश; महादेवघाट पुल खुला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अभी जारी हैं। मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत 12 जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। मौसम खराब होने के दौरान बिजली चमकने और अचानक तेज हवाएं चलने की स्थिति बन सकती है।

रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में मौसम बदलने के आसार हैं। इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

महादेवघाट पुल से आवाजाही शुरू

लगातार बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। रायपुर का महादेवघाट पुल दो दिन बंद रहने के बाद फिर से आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। इस रास्ते से अमलेश्वर की ओर आवाजाही शुरू हो गई है। हालांकि, महादेवघाट में गणेश विसर्जन के लिए फिलहाल केवल समितियों के सदस्यों को प्रवेश दिया जा रहा है।

प्रदेश में बारिश के दौरान नदी-नालों में बहने की अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों के बहने की जानकारी है। इनमें तीन लोगों की मौत हुई है। बस्तर और अन्य इलाकों में जलभराव के बाद राहत-बचाव कार्य भी किए गए।

इस सीजन 5% ज्यादा बारिश

छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। 1 जून से 30 सितंबर तक सामान्य बारिश 1132.3 मिमी मानी जाती है। 26 सितंबर तक प्रदेश में 1190.7 मिमी बारिश हो चुकी थी, जो सामान्य से 5.16% अधिक है। मौसम विभाग ने तेज हवा और गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button