तेंदुए ने 6 साल की बच्ची को उठाया, खेत में मिला शव; 8 पिंजरे लगाए

जूनागढ़। गुजरात के जूनागढ़ जिले में तेंदुए के हमले में 6 साल की बच्ची की मौत हो गई। घटना बुधवार रात मेंदरडा इलाके की है। मृत बच्ची की पहचान प्रिशा सोलंकी के रूप में हुई है। घटना का CCTV फुटेज शुक्रवार को सामने आया, जिसमें तेंदुआ बच्ची पर हमला करता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक, प्रिशा बुधवार शाम अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसके बाद वह घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेंदुआ पीछे से आया और बच्ची पर हमला कर उसे उठाकर खेत की ओर भाग गया। परिवार और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची की तलाश शुरू की गई।
खेत के पास मिला बच्ची का शव
घटना मेंदरडा में थोभणभाई कोराट के खेत में हुई। बच्ची की तलाश के दौरान उसका शव खेत के पास मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में तेंदुए की तलाश शुरू की।
गिर वेस्ट डिविजन के DFO प्रशांत तोमर के मुताबिक, बच्ची पर तेंदुए ने हमला किया था। वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है। आसपास के क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है।
तेंदुए को पकड़ने 8 पिंजरे लगाए
घटना के बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए आसपास के इलाके में 8 पिंजरे लगाए हैं। टीम संभावित ठिकानों और तेंदुए की आवाजाही वाले क्षेत्रों की निगरानी कर रही है। स्थानीय लोगों को भी रात के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद घटना का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हुआ है। फुटेज में तेंदुआ धीरे-धीरे बच्ची की ओर आता दिखाई देता है और मौका मिलते ही पीछे से हमला कर उसे अपने साथ ले जाता है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।





