देश के कई राज्यों में भारी बारिश-बाढ़ का अलर्ट: सिक्किम में लैंडस्लाइड से तीस्ता-च्याकोऊंग का बहाव रुका, बिहार में गंगा ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर कहर बरपा रहा है। सिक्किम, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़े हुए हैं। सिक्किम के नगा फॉरेस्ट इलाके में नगा-टोसा रोड की नई सड़क कटिंग पर शनिवार देर रात लैंडस्लाइड हुई। यह हादसा थेंग टनल के सामने तीस्ता और च्याकोऊंग नदियों के संगम के पास हुआ। मलबा गिरने से दोनों नदियों का बहाव रुक गया और आसपास पानी जमा होने लगा।
उत्तर प्रदेश में रविवार को 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 26 जिलों में करीब 3.53 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रयागराज में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाट डूब गए हैं। हालात ऐसे हैं कि अंतिम संस्कार के लिए सड़क पर चिताएं जलानी पड़ रही हैं। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।
बिहार में गंगा ने तोड़ा 10 साल पुराना रिकॉर्ड
बिहार के 18 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 6.65 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए गए हैं। गंगा कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पटना के गांधी घाट पर शनिवार को गंगा का जलस्तर 50.57 मीटर पहुंच गया, जबकि 2016 में 50.52 मीटर दर्ज किया गया था। कटिहार और मुंगेर समेत कई जिलों में भी बाढ़ का असर है।
MP में डैम के गेट खुले, नदियां उफान पर
मध्य प्रदेश में नर्मदा समेत कई नदियां उफान पर हैं। बरगी, भदभदा और कलियासोत डैम के गेट खोले गए हैं। प्रदेश में अब तक 30 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। वहीं छत्तीसगढ़ में फिलहाल मानसून कुछ कमजोर पड़ा है। आज कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं और सीजन में बारिश सामान्य से करीब 3% कम है। उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब में भी कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है।





