भोरमदेव शक्कर कारखाने को लगातार दो साल राष्ट्रीय पुरस्कार

रायपुर। कवर्धा के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने ने लगातार दो पेराई सत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। कारखाने को वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए ‘हाईएस्ट शुगर रिकवरी-इन अदर एरिया’ श्रेणी में नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित शुगर फैक्ट्री एफिशिएंसी अवॉर्ड समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पुरस्कार प्रदान किया।
समारोह में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर भी मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्य के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पहली बार छत्तीसगढ़ के किसी सहकारी शक्कर कारखाने को इस श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने भोरमदेव कारखाने से जुड़े गन्ना उत्पादक किसानों और प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण गन्ने की आपूर्ति, कारखाने की तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रबंधन के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई है। उनके अनुसार यह सम्मान किसानों की मेहनत और सहकारिता व्यवस्था की सामूहिक शक्ति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प के अनुरूप सहकारी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। सहकारी संस्थाओं को किसानों की आर्थिक प्रगति और ग्रामीण विकास का माध्यम बनाने पर जोर दिया जा रहा है। संस्थाओं को आधुनिक, पारदर्शी, जवाबदेह और किसान हितैषी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि सहकारिता विभाग में डिजिटलीकरण, प्राथमिक कृषि साख समितियों यानी पैक्स के कंप्यूटरीकरण और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर भी काम हो रहा है। इससे सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
भोरमदेव कारखाने की ओर से पुरस्कार आयुक्त सहकारिता रमेश शर्मा, विभागीय अधिकारियों और कारखाना प्रबंधन ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया। लगातार दो वर्षों का यह सम्मान प्रदेश की अन्य सहकारी संस्थाओं के लिए भी बेहतर प्रदर्शन की दिशा में प्रेरणा बनेगा।





