सेवा के जरिए जनभागीदारी का संकल्प, विकसित भारत की ओर बढ़ते कदम

रायपुर। सेवा का वास्तविक अर्थ उन छोटे-छोटे बदलावों में दिखाई देता है, जो किसी जरूरतमंद के जीवन को आसान बनाते हैं। गरीब परिवार की रसोई में गैस की नीली लौ, जरूरतमंद की थाली तक पहुंचता राशन या दूरस्थ गांव तक पहुंचती सरकारी सुविधा, सेवा के इसी मानवीय स्वरूप को सामने लाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए इसी भावना को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सेवा केवल किसी व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। रक्तदान, स्वच्छता अभियान में श्रमदान, नदी-घाट की सफाई, जरूरतमंद की सहायता या किसी व्यक्ति को सरकारी योजना की जानकारी देना भी सामाजिक योगदान का हिस्सा है। स्वच्छ भारत अभियान के जरिए स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया। इससे यह संदेश सामने आया कि स्वच्छता केवल सरकार या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भूमिका से जुड़ी है।
गरीब कल्याण के क्षेत्र में उज्ज्वला योजना जैसी पहल ने महिलाओं को स्वच्छ ईंधन की सुविधा से जोड़ने का काम किया। इसी तरह प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के जरिए जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने पर जोर दिया गया है। छत्तीसगढ़ में पीडीएस व्यवस्था लाखों परिवारों के लिए खाद्य सुरक्षा का आधार है। उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से पात्र परिवारों तक राशन पहुंचाना शासन की संवेदनशीलता को धरातल पर दिखाता है।
बस्तर जैसे दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सुविधाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहा है। नियद नेल्लानार जैसी पहल के जरिए दूरस्थ गांवों तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे क्षेत्रों में किसी परिवार तक राशन या अन्य सरकारी सुविधा पहुंचना केवल सेवा नहीं, बल्कि शासन और नागरिक के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है।
‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि नागरिकों की भागीदारी से भी होगा। सेवा का कोई भी छोटा प्रयास समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है। यही भावना सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत की दिशा तय करती है।





