ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पक्के घर से बदली जिंदगी, पीएम आवास ने दिया सुरक्षा का सहारा

रायपुर। हर परिवार का सपना होता है कि उसका अपना पक्का घर हो, जहां वह सुरक्षित और सुकून से रह सके। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) इस सपने को पूरा करने का माध्यम बन रही है। योजना के तहत आवास निर्माण के लिए मिली सहायता से कई परिवार कच्चे और असुरक्षित मकानों से निकलकर पक्के आशियानों में पहुंच रहे हैं।

कोरबा के पोड़ीबहार निवासी आनंद राम लंबे समय तक कच्चे मकान में रहे। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने, सीलन और जहरीले जीव-जंतुओं का डर बना रहता था। योजना के तहत आवास स्वीकृत होने और किश्तों में सहायता मिलने के बाद उन्होंने पक्के मकान का निर्माण कराया। अब उनका परिवार सुरक्षित वातावरण में रह रहा है।

कोसाबाड़ी निवासी ललिता रजक ने भी आर्थिक परेशानियों के कारण वर्षों तक पक्के मकान का सपना पूरा नहीं कर पाईं। योजना से मिली सहायता से उनका घर तैयार हुआ। पक्के मकान ने परिवार को सुरक्षा के साथ रहने की बेहतर सुविधा और भविष्य के प्रति आत्मविश्वास दिया।

काशीनगर की गुंजा साहू का परिवार भी लंबे समय तक कच्चे मकान में रहा। बारिश में पानी टपकने और सांप-बिच्छुओं का डर रहता था। पीएम आवास (शहरी) 2.0 के तहत उन्हें तीन किश्तों में करीब 2.50 लाख रुपए की सहायता मिली। अपनी बचत जोड़कर उन्होंने पक्का मकान तैयार किया।

छुरीकला नगर पंचायत के सुनील कुमार तिवारी पहले मिट्टी से बने दो कमरों के मकान में पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। योजना के तहत 2.26 लाख रुपए की स्वीकृत लागत में केंद्र और राज्य की सहायता से उनका पक्का घर बन सका।

पथर्रीपारा के सनातन प्रसाद पाठक और धरम लाल ध्रुव के परिवारों को भी योजना से पक्के मकान का लाभ मिला। लाभार्थियों ने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि पक्के घर ने केवल रहने की जगह नहीं बदली, बल्कि परिवार को सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी दी है।

Related Articles

Back to top button