StateNewsदेश - विदेश

मुंबई में 20 बिल्लियों की संदिग्ध मौत: चेंबूर में अलग-अलग जगह मिले क्षत-विक्षत शव, पशु क्रूरता की धाराओं में FIR

मुंबई। मुंबई के चेंबूर इलाके के पंजरापोल में करीब 20 बिल्लियों के मृत और क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई है। अलग-अलग दिनों में बिल्लियों के शव मिलने के बाद पशु प्रेमियों ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरसीएफ पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

स्थानीय स्तर पर जानवरों की देखभाल करने वाली रूबीना पठान को अगस्त में इलाके में कई बिल्लियों के क्षत-विक्षत शव मिले थे। इसके बाद भी ऐसी घटनाएं जारी रहीं। 4 सितंबर को छह और बिल्लियां मृत मिलीं। अगले दिन 5 सितंबर को एक और बिल्ली का शव मिला। इसी दौरान एक बिल्ली का बच्चा डरा हुआ और घायल हालत में मिला।

रिपोर्ट के मुताबिक मृत बिल्लियों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। लगातार हो रही मौतों के बाद आशंका जताई जा रही है कि बिल्लियों को जानबूझकर निशाना बनाया गया। हालांकि इन घटनाओं के पीछे कौन है और मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पशु क्रूरता की धाराओं में केस

रूबीना पठान की शिकायत को पशु अधिकार संगठन PETA India ने आगे बढ़ाने में मदद की। इसके बाद आरसीएफ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।

CCTV से आरोपी की तलाश

पुलिस उन स्थानों की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, जहां बिल्लियों के शव मिले थे। फुटेज के जरिए संदिग्ध गतिविधियों और घटनाओं के समय इलाके में मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

PETA India ने आरोपी की गिरफ्तारी और दोषसिद्धि में मदद करने वाली सूचना देने पर 50 हजार रुपए तक का इनाम घोषित किया है। संगठन के मुताबिक सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जा सकती है।

Related Articles

Back to top button