StateNewsदेश - विदेश

नवंबर की शुरुआत में बदला मौसम, 20 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

दिल्ली। देश में 1 नवंबर को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है, तो कहीं सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय नए मौसमी सिस्टम के कारण पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। करीब 20 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में गरज-चमक, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। मध्यप्रदेश और विदर्भ में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश, जबकि पश्चिमी हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है।

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

नवंबर में सामान्य से कम रहेगी ठंड

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस साल नवंबर में देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। यानी ठंड का असर सामान्य से कम रहने की संभावना है। हालांकि, बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण स्थानीय स्तर पर तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

आगे भी बारिश का दौर: 2 से 4 नवंबर के बीच ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम मजबूत होने पर पूर्वी तट के राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Related Articles

Back to top button