StateNewsदेश - विदेश

गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में रिकॉर्डिंग करता मिला मोबाइल: टिन शेड में छिपा था फोन, छात्राओं ने पुलिस को दी सूचना; वार्डेन ने बताई अलग वजह

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में रिकॉर्डिंग मोड में मोबाइल मिलने से छात्राओं में हड़कंप मच गया। आरोप है कि एंड्रॉयड मोबाइल को बाथरूम के टिन शेड में छिपाकर रखा गया था और उसका कैमरा टॉयलेट की तरफ था। मोबाइल की जांच करने पर उसमें बाथरूम के कुछ वीडियो मिलने की बात सामने आई। इसके बाद छात्राओं ने हंगामा करते हुए डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

मामला मोहद्दीपुर स्थित हॉस्टल का है, जहां 20 कमरों में करीब 26 छात्राएं रहती हैं। इनमें विभिन्न कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही युवतियां भी शामिल हैं।

टिन शेड में मिला मोबाइल

घटना 8 सितंबर की रात की बताई जा रही है। हॉस्टल में दो दिन पहले आई एक छात्रा बाथरूम गई थी। इसी दौरान उसकी नजर टिन शेड में फंसे मोबाइल पर पड़ी। छात्रा के मुताबिक फोन का कैमरा चालू था और टॉयलेट की ओर किया गया था। उसने पहले अपने मोबाइल से इसकी रिकॉर्डिंग की और फिर दूसरी छात्राओं को बुलाया।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि फोन में पांच-छह लड़कियों के बाथरूम के वीडियो मौजूद थे। कुछ छात्राओं ने वीडियो अपने फोन में सुरक्षित भी कर लिए थे। पुलिस के पहुंचने के बाद संबंधित वीडियो डिलीट करवाए गए। कुछ वीडियो के प्रसारित होने की बात भी सामने आई है।

वार्डेन ने दी अलग सफाई

पुलिस ने मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में महिला वार्डेन ने बाथरूम में मोबाइल रखने की बात स्वीकार की, लेकिन गलत नीयत से रिकॉर्डिंग के आरोप से इनकार किया। उनका कहना है कि इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड इधर-उधर फेंकने वाली छात्राओं की पहचान के लिए रात करीब 10 बजे मोबाइल रिकॉर्डिंग मोड में रखा गया था।

कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक मोबाइल पुलिस के कब्जे में है। छात्राओं की शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच रही है कि कितनी रिकॉर्डिंग हुई और क्या कोई वीडियो साझा या प्रसारित किया गया।

Related Articles

Back to top button