जेलेंस्की के विमान के सामने आया ड्रोन: टल गया बड़ा हादसा, नॉर्वे के मंत्रियों ने की घटना की पुष्टि

दिल्ली। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर घटना सामने आई है। नॉर्वे की यात्रा के दौरान उनके विमान के बेहद करीब एक अज्ञात ड्रोन आ गया। विमान और ड्रोन के बीच टक्कर होते-होते बची। अगर दोनों टकराते तो बड़ा हादसा हो सकता था। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे और वित्त मंत्री जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने इस घटना की पुष्टि की है। हालांकि, यूक्रेन की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक जेलेंस्की मोल्दोवा से नॉर्वे के ओस्लो के लिए रवाना हुए थे। उन्हें दिवंगत राजा हेराल्ड पंचम के अंतिम संस्कार में शामिल होना था। इसी यात्रा के दौरान उनके विमान के सामने अज्ञात ड्रोन आने की बात कही गई है। घटना के बावजूद विमान सुरक्षित रहा और जेलेंस्की मंगलवार शाम ओस्लो पहुंच गए।

नॉर्वे के PM बोले- सुरक्षा खतरे की गंभीरता दिखाता है
नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे ने कहा कि यह घटना यूक्रेनी राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान मौजूद सुरक्षा खतरे की गंभीरता को दिखाती है। हालांकि उन्होंने घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
नॉर्वे के वित्त मंत्री जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने भी घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि ओस्लो पहुंचने के बाद जेलेंस्की ने खुद उन्हें इस बारे में बताया था। स्टोल्टेनबर्ग के मुताबिक जेलेंस्की की उड़ान में देरी हुई थी और विमान को लेकर कुछ खतरे सामने आए थे। उन्होंने कहा कि उनके पास घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं है।
अंतिम संस्कार में शामिल हुए जेलेंस्की
ओस्लो पहुंचने के बाद जेलेंस्की ने अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिवंगत राजा को श्रद्धांजलि दी। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन नॉर्वे से मिली मदद के लिए हमेशा आभारी रहेगा। उन्होंने नॉर्वे के शाही परिवार और वहां के लोगों के समर्थन का भी जिक्र किया।





