नोनी सुरक्षा योजना से बेटी के भविष्य की चिंता हुई कम: गौरेला की आकांक्षा ने कराया पंजीयन, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की जगी उम्मीद

गौरेला। ग्राम पंचायत सारबहरा की श्रीमती आकांक्षा अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य को लेकर हमेशा चिंतित रहती थीं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच उनकी कोशिश थी कि बेटी को अच्छी शिक्षा मिले और वह आगे चलकर आत्मनिर्भर एवं सुरक्षित जीवन जी सके। बेटी के भविष्य के लिए आर्थिक प्रबंध करना उनके लिए चुनौती थी।
इसी बीच आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से उन्होंने बेटी का ‘नोनी सुरक्षा योजना’ के तहत पंजीयन कराया। योजना से मिलने वाली आर्थिक सुरक्षा की जानकारी ने उनकी चिंता काफी हद तक कम की है। अब उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में मिलने वाली सहायता बेटी की पढ़ाई और अन्य महत्वपूर्ण जरूरतों में परिवार के लिए सहारा बनेगी।
शिक्षा और सपनों को मिलेगा संबल
आकांक्षा चाहती हैं कि उनकी बेटी आर्थिक परेशानियों के बिना अपनी पढ़ाई पूरी करे और जीवन में अपने सपनों को साकार करे। उनका मानना है कि योजना से मिलने वाला लाभ बेटी की शिक्षा और भविष्य की अन्य जरूरतों के समय उपयोगी साबित होगा।
उनके लिए नोनी सुरक्षा योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटी के भविष्य को लेकर भरोसे और सुरक्षा का आधार भी है। बेटी के नाम से भविष्य के लिए आर्थिक प्रावधान होने की जानकारी से उन्हें मानसिक राहत मिली है।
मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
आकांक्षा ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए संचालित इस योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं अभिभावकों को बेटियों की शिक्षा और बेहतर परवरिश के लिए प्रोत्साहित करती हैं।
आकांक्षा को विश्वास है कि नोनी सुरक्षा योजना उनकी बेटी के सुरक्षित, आत्मनिर्भर और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।





