नेपाल बाढ़ में 288 से ज्यादा भारतीय लापता: अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल, पर्यटन मंत्री ने विदेश मंत्रालय से किया संपर्क

अंबिकापुर। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद 288 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर से चिंता बढ़ गई है। लापता लोगों में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर की रहने वाली डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल हैं। डॉ. मीना गुप्ता वरिष्ठ नेता कर्ताराम गुप्ता की बेटी हैं और ब्रिटेन में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने डॉ. मीना गुप्ता की सुरक्षित वापसी को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में उनका परिवार अकेला नहीं है। डॉ. मीना की स्थिति और उनकी सुरक्षित वापसी के संबंध में नेपाल स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
विदेश मंत्रालय से तत्काल किया संपर्क
मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए विदेश मंत्रालय से भी तत्काल संपर्क किया है। मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई ई-मेल आईडी डॉ. मीना गुप्ता के पिता कर्ताराम गुप्ता को दी गई है, ताकि उनकी बेटी से संबंधित जरूरी जानकारी विदेश मंत्रालय तक पहुंचाई जा सके। इससे तलाश और सुरक्षित वापसी के प्रयासों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि नेपाल की प्राकृतिक आपदा में लापता प्रत्येक व्यक्ति के परिवार की चिंता समझी जा सकती है। प्रशासनिक और राजनयिक स्तर पर उपलब्ध माध्यमों से सभी जरूरी जानकारी साझा की जा रही है।
पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना
राजेश अग्रवाल ने नेपाल बाढ़ से प्रभावित सभी परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहत और बचाव कार्यों के साथ लापता लोगों की तलाश में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने ईश्वर से डॉ. मीना गुप्ता सहित सभी लापता भारतीय नागरिकों के सकुशल होने और जल्द अपने परिजनों के बीच लौटने की प्रार्थना की।





