StateNewsदेश - विदेश

21 साल की मॉडल की घर में घुसकर हत्या, जिम ट्रेनर पर चाकू से हमला करने का आरोप

नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बुधवार शाम 21 साल की मॉडल मुस्कान की उसके घर में घुसकर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त युवती घर में अकेली थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी जिम ट्रेनर इमरान की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय मुस्कान के परिजन घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी घर पहुंचा और युवती पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास और घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के जरिए आरोपी की गतिविधियों और वारदात से पहले तथा बाद की पूरी स्थिति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि आरोपी घर में कैसे दाखिल हुआ और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुआ।

अतिरिक्त DCP अभिषेक गुप्ता के मुताबिक, आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है।

दोस्त ने लगाया परेशान करने का आरोप

मृतका के दोस्त ने बताया कि मुस्कान पढ़ाई कर रही थी और पार्ट टाइम मॉडलिंग भी करती थी। उसके मुताबिक, आरोपी इमरान काफी समय से मुस्कान को परेशान कर रहा था। वह उसके जिम में ट्रेनर था और कथित तौर पर युवती से शादी करने का दबाव बना रहा था।

दोस्त का दावा है कि मुस्कान आरोपी से दूरी बनाना चाहती थी, लेकिन इमरान उसका पीछा करता था और उससे बातचीत नहीं करने पर परेशान करता था। पुलिस अब इन आरोपों की भी जांच कर रही है। हत्या की असली वजह और दोनों के बीच संबंधों को लेकर पुलिस पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button