StateNewsदेश - विदेश

नेपाल की बाढ़ से बिहार में बढ़ा गंडक का जलस्तर, 8 जिलों में हाई अलर्ट; यूपी के दो जिले भी प्रभावित

पटना। नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को हुई भारी बारिश और बाढ़ के बाद बिहार में गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण गंडक नदी में करीब 3 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान है। इसके साथ ही अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का खतरा भी बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए बिहार के आठ जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

नेपाल में बाढ़ के बाद गंडक नदी में पानी बढ़ने का सबसे ज्यादा असर नदी किनारे बसे इलाकों पर पड़ने की आशंका है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। कई स्थानों पर ग्रामीणों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

यूपी के महराजगंज-कुशीनगर में भी अलर्ट

गंडक में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उत्तर प्रदेश के महराजगंज और कुशीनगर जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है। नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन की टीमों को सक्रिय किया गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

एमपी के 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मानसून का असर मध्य प्रदेश में भी बना हुआ है। पूर्वी और उत्तरी हिस्से के 17 जिलों में गुरुवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। सागर, रीवा और शहडोल संभाग के कई जिलों में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण तेज बारिश होने की संभावना है। निवाड़ी में बुधवार को भारी बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया था।

राजस्थान के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में भी मानसून फिर सक्रिय हुआ है। मौसम विभाग ने 12 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। जयपुर समेत कई जिलों में बुधवार को भारी बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण कुछ बांधों के गेट खोलकर पानी की निकासी भी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button