StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

यश की ‘टॉक्सिक’ ने मचाया धमाल, ऑडियंस बोली- KGF वाला कमबैक; कुछ ने कहानी को बताया कमजोर

मुंबई। रॉकिंग स्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह एक्शन-थ्रिलर रिलीज से पहले ही काफी चर्चा में थी। फिल्म में यश डबल रोल में नजर आ रहे हैं। उनके साथ कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और नयनतारा भी अहम भूमिकाओं में हैं।

फिल्म रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कई दर्शकों ने यश की स्क्रीन प्रेजेंस और एक्शन सीक्वेंस की जमकर तारीफ की है। एक यूजर ने इंटरवल सीक्वेंस को फिल्म की सबसे बड़ी खूबी बताते हुए कहा कि बड़े पर्दे पर यश का अंदाज जबरदस्त है।

यश और कियारा की केमिस्ट्री की तारीफ

दर्शकों ने कियारा आडवाणी की परफॉर्मेंस और यश के साथ उनकी केमिस्ट्री को भी पसंद किया है। फिल्म के एक्शन और विजुअल इफेक्ट्स की तारीफ करते हुए कई यूजर्स ने इसे बड़े पर्दे पर देखने लायक बताया। कुछ प्रतिक्रियाओं में फिल्म के एक्शन को बेहद आक्रामक और स्टाइलिश बताया गया है।

कहानी और स्क्रीनप्ले पर उठे सवाल

हालांकि, हर दर्शक फिल्म से प्रभावित नहीं हुआ। कुछ लोगों ने कहा कि फिल्म की सबसे बड़ी ताकत यश हैं, लेकिन कहानी उतनी प्रभावी नहीं है। सोशल मीडिया पर कुछ प्रतिक्रियाओं में फिल्म पर ‘KGF’ के प्रभाव का भी जिक्र किया गया। दर्शकों के एक वर्ग के मुताबिक, फिल्म में कहानी से ज्यादा स्टाइल, स्लो-मोशन और एक्शन पर जोर दिया गया है।

कुछ यूजर्स ने स्क्रीनप्ले को धीमा और लंबा बताया। उनका कहना है कि शानदार विजुअल्स और एक्शन के बावजूद कहानी भावनात्मक जुड़ाव बनाने में कमजोर पड़ती है।

‘धुरंधर’ से भी हुई तुलना

सोशल मीडिया पर कुछ दर्शकों ने ‘टॉक्सिक’ की तुलना ‘धुरंधर’ से भी की। कुछ प्रतिक्रियाओं में दावा किया गया कि अगर दोनों फिल्मों की रिलीज एक साथ होती तो यश की फिल्म को बड़ा फायदा मिल सकता था। हालांकि, ये दर्शकों की शुरुआती सोशल मीडिया प्रतिक्रियाएं हैं और फिल्म की सफलता का अंतिम आकलन बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन से ही होगा।

Related Articles

Back to top button