तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र समेत 3 की मौत; चालक फरार

कोरबा। जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर देखने को मिला। अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र के खोडरी मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सरईसिंगार निवासी फूल सिंह (58), उनका बेटा नरसिंह सिंह (24) और रिश्तेदार यशवंत सिंह बाइक क्रमांक सीडी 12 बीजे 5644 से सरईसिंगार से गेवरा की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे वे खोडरी मोड़ के पास पहुंचे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 12 बीयू 2420 ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फूल सिंह और नरसिंह सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल यशवंत सिंह को डायल-112 की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की मौत के बाद सरईसिंगार गांव में मातम पसरा है।
दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत
दूसरा हादसा सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में मंगलवार शाम सर्वमंगला-कनवेरी मार्ग स्थित जोड़ा पुल के पास हुआ। यहां दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। एक बाइक पर तीन और दूसरी पर दो लोग सवार थे। हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान खम्हरिया लुतरा निवासी देवी प्रसाद निषाद और खिसोरा निवासी कोमल के रूप में हुई है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस दोनों हादसों की जांच कर रही है।





