छत्तीसगढ़ की बेटियों का थाई बॉक्सिंग में जलवा, 6 गोल्ड समेत 7 मेडल जीते; रायपुर में होगा भव्य स्वागत

रायपुर। महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरु गोविंद सिंह इंडोर स्टेडियम में आयोजित 17वीं राष्ट्रीय थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रदेश की सातों बालिका खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबलों में पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। टीम ने 6 स्वर्ण और 1 कांस्य समेत कुल 7 पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता में 18 राज्यों के करीब 450 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ओवरऑल चैंपियनशिप में महाराष्ट्र पहले, तमिलनाडु दूसरे, तेलंगाना तीसरे और ओडिशा चौथे स्थान पर रहा। छत्तीसगढ़ ने पांचवां स्थान हासिल किया।
दंतेवाड़ा की खिलाड़ियों का दबदबा
छत्तीसगढ़ की सफलता में दंतेवाड़ा स्थित एकलव्य खेल परिसर, जावंगा-गीदम की खिलाड़ियों का खास योगदान रहा। यहां की चार खिलाड़ियों ने स्वर्ण और एक ने कांस्य पदक जीता। वहीं रायपुर की दोनों खिलाड़ियों ने भी अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।
पदक जीतने वाली खिलाड़ी:
- मानसी तांडी, रायपुर – स्वर्ण, अंडर-21, 45 किग्रा
- पिंकी गुप्ता, रायपुर – स्वर्ण, अंडर-17, 44 किग्रा
- लच्छी कोवासी, दंतेवाड़ा – स्वर्ण, अंडर-17, 40 किग्रा
- राजकुमारी, दंतेवाड़ा – स्वर्ण, अंडर-17, 56 किग्रा
- सोमारी कवासी, दंतेवाड़ा – स्वर्ण, अंडर-14, 32 किग्रा
- रामे कवासी, दंतेवाड़ा – स्वर्ण, अंडर-17, 52 किग्रा
- सुनीता, दंतेवाड़ा – कांस्य, अंडर-14, 44 किग्रा
25 अगस्त को रायपुर में स्वागत
राज्य टीम के मुख्य कोच लक्ष्मीनारायण साहू के नेतृत्व में 12 सदस्यीय दल 25 अगस्त को सुबह 6 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगा। यहां थाई बॉक्सिंग संघ के पदाधिकारी, खेल प्रेमी और खिलाड़ियों के परिजन पदक विजेता बेटियों का भव्य स्वागत करेंगे। प्रतियोगिता में राज्य के तकनीकी और निर्णायक पैनल के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





