ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

PWD सचिव ने बिलासपुर संभाग के कामों की समीक्षा की: अक्टूबर तक शुरू करें टेंडर वाले काम, बारिश से खराब सड़क-पुलों की तुरंत मरम्मत के निर्देश

रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय पर पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सड़क और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने को कहा। साथ ही प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहेंगे अधिकारी

सचिव ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने जिले के कलेक्टरों के साथ बेहतर समन्वय रखने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान हो सके। मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग और निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने ठेकेदारों के काम पर लगातार नजर रखने और सड़क, भवन व पुल निर्माण के हर चरण में गुणवत्ता की जांच करने को कहा। निविदा हो चुके नए कार्यों को अक्टूबर तक शुरू करने के निर्देश दिए गए।

खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत

बंसल ने बरसात में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत करने पर जोर दिया, ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि सड़कें साफ-सुथरी, सुंदर और व्यवस्थित नजर आनी चाहिए। सड़क और पुलों के नियमित रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

जमीन नामांतरण एक महीने में पूरा करने के निर्देश

निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की जांच एसडीएम के साथ मिलकर करने को कहा गया। नए और पुराने भू-अर्जन प्रकरणों का नामांतरण एक महीने में पूरा करने के निर्देश दिए गए। पूर्ण हो चुके जमा पद के कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने को कहा।

बैठक में विश्रामगृह और सर्किट हाउसों के संचालन, साफ-सफाई और रखरखाव की भी समीक्षा हुई। इस दौरान PWD के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, अपर सचिव एसएन श्रीवास्तव समेत बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button