ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 75 एकलव्य स्कूलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा: गणवेश, भोजन और मेस में एकरूपता पर जोर; राष्ट्रीय खेलों में 126 पदक जीतने वाले छात्रों की सराहना

रायपुर। आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में गुरुवार को नवा रायपुर स्थित टीआरटीआई सभाकक्ष में आदिम जाति कल्याण आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति के संचालक मंडल की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के संचालन, शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई।

मंत्री नेताम ने एकलव्य विद्यालयों में गणवेश, मेस संचालन और भोजन व्यवस्था में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिलनी चाहिए। स्कूलों में विद्यार्थियों की जरूरतों के मुताबिक अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी बेहतर करने पर जोर दिया गया।

पूर्व अतिथि शिक्षकों को फिर मिलेगा मौका

बैठक में नेस्ट्स और राज्य सरकार के भर्ती नियमों के अनुरूप योग्यता रखने वाले एकलव्य विद्यालयों के पूर्व अतिथि शिक्षकों को दोबारा अवसर देने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इससे पात्र पूर्व अतिथि शिक्षकों को विद्यालयों में सेवाएं देने का अवसर मिल सकेगा।

प्रदेश में संचालित हैं 75 एकलव्य विद्यालय

बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढ़ में फिलहाल 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पढ़ाई के साथ खेलों में भी प्रदेश का नाम रोशन किया है।

नवंबर 2025 में ओडिशा के सुंदरगढ़ में आयोजित चतुर्थ राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 466 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। प्रदेश ने प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों ने 55 स्वर्ण सहित कुल 126 पदक जीते। मंत्री नेताम ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों की सराहना की।

‘गुमनाम जननायक’ पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम में मंत्री ने टीआरटीआई द्वारा प्रकाशित ‘गुमनाम जननायक’ पुस्तक का विमोचन भी किया। वहीं शहीद वीरनारायण सिंह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सह स्मारक में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत अंबिका ध्रुव का नगर सैनिक के पद पर चयन होने पर सम्मान किया गया।

बैठक में विभाग के सचिव भुवनेश यादव, आयुक्त डी. राहुल वेंकट, टीआरटीआई संचालक हिना अनिमेष नेताम सहित संचालक मंडल के सदस्य और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button