ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जल जीवन मिशन 2.0 पर छत्तीसगढ़ के सांसदों के साथ मंथन

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में बैठक; हर घर सुरक्षित पेयजल पहुंचाने और योजनाओं में तेजी पर जोर

दिल्ली। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में सोमवार शाम जल जीवन मिशन (JJM) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक हुई।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव समेत लोकसभा और राज्यसभा सांसद शामिल हुए।

बैठक में सांसदों के संसदीय क्षेत्रों में मिशन की प्रगति, योजनाओं की मौजूदा स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं लोकसभा सांसद तोखन साहू के साथ चिंतामणि महाराज, राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, ज्योत्सना महंत, संतोष पांडेय, विजय बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, महेश कश्यप और भोजराज नाग मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद राजा देवेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

हर घर तक पहुंचे सुरक्षित पानी

चर्चा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने, जल जीवन मिशन की लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और जरूरतों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। अधिकारियों ने मिशन 2.0 की प्रमुख विशेषताओं और आगामी क्रियान्वयन रणनीति की जानकारी भी दी।

नियमित मॉनिटरिंग पर जोर

बैठक में योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से परियोजनाओं को गति देने की बात कही गई।

सांसदों से जिला स्तरीय समितियों की बैठकों में सक्रिय भागीदारी करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं के समाधान में सहयोग करने का आग्रह किया गया।

साथ ही ‘जल अर्पण’ कार्यक्रमों में भाग लेकर पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं के लोकार्पण और ग्राम पंचायतों को उनके हस्तांतरण को प्रोत्साहित करने की अपील की गई।

बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के अधिकारियों के अलावा छत्तीसगढ़ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button