StateNewsदेश - विदेश

सोनम वांगचुक मेदांता अस्पताल में भर्ती, थ्री लेयर सुरक्षा; नड्डा-जितेंद्र सिंह ने की मुलाकात

गुरुग्राम। लद्दाख के मुद्दों और छात्रों के समर्थन में पिछले 25 दिनों से अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को मंगलवार शाम गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से शाम करीब साढ़े सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मेदांता लाया गया। फिलहाल उनका इलाज वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुशील कटारिया की निगरानी में चल रहा है।

अस्पताल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।

अस्पताल परिसर में हरियाणा और दिल्ली पुलिस की थ्री लेयर सिक्योरिटी तैनात की गई है। मुख्य प्रवेश द्वार पर आने वाले हर व्यक्ति की जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है।

जिस बिल्डिंग में वांगचुक भर्ती हैं, वहां केवल मरीजों और निर्धारित समय पर उनके एक तीमारदार को ही प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं जिस फ्लोर पर उन्हें रखा गया है, वहां पुलिस और डॉक्टरों की विशेष निगरानी बनी हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने वांगचुक से बातचीत की पहल की है।

मंगलवार देर रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह मेदांता अस्पताल पहुंचे और ICU-8 में भर्ती वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

हालांकि इस मुलाकात को लेकर सरकार या अस्पताल की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इधर, वांगचुक के समर्थन में संभावित प्रदर्शन को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कांग्रेस नेताओं पर भी सख्ती बरती है।

कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर सहित 10 से अधिक नेताओं को एहतियातन उनके घरों में नजरबंद किया गया।

पुलिस ने सभी को लिखित नोटिस जारी कर मेदांता अस्पताल की ओर मार्च या प्रदर्शन नहीं करने की चेतावनी दी है।

कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए सरकार पर विरोध की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।

वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button