ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में लोकभवन के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन: गेट तक बढ़े नेताओं को पुलिस ने रोका, धक्का-मुक्की

दिल्ली में राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में प्रदेशभर में विरोध; प्रदर्शन में शामिल हुए भूपेश बघेल

रायपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं की हिरासत के विरोध में मंगलवार को रायपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता लोकभवन के मुख्य गेट की ओर बढ़ने लगे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और अफरातफरी की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन का नेतृत्व करने पहुंचे पूर्व विधायक विकास उपाध्याय समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन तक मार्च करने की कोशिश की। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इधर, दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए इस प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल थे।

हिरासत में लिए जाने के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि पुलिस ने उन्हें वरिष्ठ नेताओं के साथ बस में बैठा लिया है और एयरपोर्ट की ओर ले जाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उनका एक जूता भी उतरवा लिया।

दिल्ली की घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए राज्यभर में विरोध दर्ज कराया। रायपुर के लोकभवन के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और हालात पर नजर रखी गई। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात सामान्य कराया।

Related Articles

Back to top button