ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, अब तक सामान्य से 25% कम बारिश दर्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी झारखंड के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।

हालांकि, मानसून की रफ्तार अब भी सामान्य से पीछे चल रही है। प्रदेश में अब तक औसतन करीब 25 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

यही वजह है कि कृषि कार्य और जलाशयों में जलभराव भी अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाया है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले दो दिनों की बारिश से इस कमी में कुछ हद तक सुधार हो सकता है।

रविवार और सोमवार को सरगुजा, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर, कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने की घटना में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।

वहीं जिला प्रशासन को संभावित जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button