ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राज्य खेल अलंकरण के लिए 5 अगस्त तक आवेदन: उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 3 लाख तक नकद पुरस्कार, खेलवृत्ति का भी मिलेगा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को विभिन्न राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित करेगा। इच्छुक खिलाड़ी 5 अगस्त तक खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

खेल संचालक तनुजा सलाम की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

सभी 33 जिलों के जिला खेल अधिकारियों और राज्य खेल संघों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्राप्त आवेदनों की जांच कर अंतिम तिथि के तीन दिनों के भीतर खेल संचालनालय को भेजें।

राज्य खेल अलंकरण के तहत शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के लिए राष्ट्रीय खेल या राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को 3 लाख रुपए तक की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

वहीं शहीद कौशल यादव पुरस्कार के तहत जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को 1.50 लाख रुपए दिए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रशिक्षकों और निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के तहत 1.50 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।

इसके अलावा शहीद विनोद चौबे सम्मान के तहत 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के खेल दिग्गजों को 25 हजार रुपए तथा शहीद पंकज विक्रम सम्मान के तहत लगातार पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को 25 हजार रुपए दिए जाएंगे।

दलीय खेलों के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी के तहत सीनियर और जूनियर टीमों को 1 लाख से 5 लाख रुपए तक की पुरस्कार राशि मिलेगी।

साथ ही सभी विजेताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी प्रदान किए जाएंगे। राज्य स्तरीय पदक विजेताओं और 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों को खेलवृत्ति तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वालों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button