छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव, सरकार को कई मुद्दों पर घेरेगा विपक्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को कांग्रेस विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। राज्य गठन के बाद यह विधानसभा में लाया जाने वाला 10वां अविश्वास प्रस्ताव होगा। हालांकि अब तक सदन में पेश हुए सभी 9 अविश्वास प्रस्ताव बहुमत के अभाव में गिर चुके हैं और कोई भी सरकार सत्ता से नहीं हटी है।
विधानसभा की प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव पेश होने के बाद अध्यक्ष इसकी चर्चा के लिए तिथि तय करेंगे। कांग्रेस ने पहले ही विधायक दल की बैठक में सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने का निर्णय लिया था। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक कार्यप्रणाली जैसे मुद्दों को बहस का आधार बनाने के संकेत दिए हैं।
वहीं भाजपा सरकार अपनी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों के आधार पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की तैयारी में है। विधानसभा में भाजपा के 54 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का एक विधायक है। ऐसे में संख्या बल सरकार के पक्ष में है और प्रस्ताव के पारित होने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है। राजनीतिक जानकार इसे सरकार गिराने से अधिक विपक्ष के लिए सरकार को घेरने का अवसर मान रहे हैं।
सदन में प्रश्नकाल भी महत्वपूर्ण रहेगा। जल जीवन मिशन, अमृत मिशन के तहत रायपुर की पेयजल व्यवस्था, औद्योगिक दुर्घटनाओं की जांच, प्रदेश की शराब दुकानें, सरकारी आयोजनों में हुए खर्च और प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के इतिहास में सबसे लंबी अविश्वास प्रस्ताव चर्चा वर्ष 2015 में तत्कालीन रमन सिंह सरकार के खिलाफ हुई थी, जो 24 घंटे 25 मिनट तक चली थी। इस बार भी सदन में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक बहस होने के आसार हैं।





