झाड़ियों में मिली महिला की अर्द्धनग्न लाश, पति से विवाद के बाद हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 48 वर्षीय महिला का शव घर के बाहर झाड़ियों में अर्द्धनग्न अवस्था में मिला है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। शुरुआती हालात को देखते हुए पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है।
मृतका की पहचान धरमजयगढ़ निवासी राजकुमारी चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन उनकी बेटी रोज की तरह स्कूल गई थी। दोपहर में जब वह वापस लौटी तो घर में मां मौजूद नहीं थीं।
काफी देर तक तलाश करने के बाद बेटी ने घर के बाहर झाड़ियों में महिला का शव देखा। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से एक रात पहले महिला और उसके पति मोहब्बत चौहान के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद से महिला का पति घर से लापता बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले में उससे पूछताछ की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित कारणों की जांच में जुटी हुई है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।





