ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

देवभूमि और छत्तीसगढ़ के बीच बढ़ा वैचारिक सेतु: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी से मिले छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधि, हरिद्वार कुंभ का दिया न्योता

रायपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच विकास, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और मीडिया की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधियों को अगले वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ में शामिल होने का विशेष आमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार “विकास भी, विरासत भी” के मूल मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नैनीताल, गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए अलग-अलग विकास प्राधिकरण बनाए गए हैं, ताकि आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने देवभूमि की आध्यात्मिक पहचान और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताया।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार कल्याण और मीडिया की स्वतंत्रता को मजबूत करने के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतर्राज्यीय भ्रमण दोनों राज्यों के बीच वैचारिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई दिशा देते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने सुझाव दिया कि हरिद्वार महाकुंभ के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों के मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए, ताकि वे देवभूमि की आध्यात्मिक परंपरा, व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देख सकें और अपने-अपने राज्यों के लोगों तक उसका अनुभव पहुंचा सकें।

बैठक में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे मीडिया प्रतिनिधियों के साथ जनसंपर्क विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों ने इस संवाद को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय और आपसी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Related Articles

Back to top button