मुख्यमंत्री के विजन को नई उड़ान: नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क में पहली यूनिट का भूमिपूजन, 4600 लोगों को मिलेगा रोजगार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार नवा रायपुर को देश के प्रमुख टेक्सटाइल और गारमेंट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में नवा रायपुर स्थित टेक्सटाइल पार्क में पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की शुरुआत होने जा रही है। 235 करोड़ रुपए के निवेश वाली इस परियोजना से 4600 से अधिक लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने की उम्मीद है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 25 जून को इस यूनिट का भूमिपूजन किया। तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड यहां अपनी उत्पादन इकाई स्थापित करेगी, जहां किड्सवियर, निट गारमेंट्स और निर्यात गुणवत्ता के वस्त्र तैयार किए जाएंगे। कंपनी का फोकस यूरोपीय और अमेरिकी बाजार रहेगा।
81 एकड़ में विकसित हो रहा आधुनिक टेक्सटाइल पार्क
नवा रायपुर में 81 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे टेक्सटाइल पार्क में निवेशकों के लिए सड़क, बिजली, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी भूमि आवंटित की जा चुकी है। इन तीनों परियोजनाओं में करीब 445 करोड़ रुपए के निवेश से 11 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।
नई औद्योगिक नीति से निवेशकों का बढ़ा भरोसा
राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट्स को थ्रस्ट सेक्टर में शामिल किया गया है। रोजगार बढ़ाने के लिए महिला कर्मचारियों पर 6 हजार और पुरुष कर्मचारियों पर 5 हजार रुपए प्रतिमाह तक की सहायता पांच वर्षों के लिए देने का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए रोजगार का मजबूत आधार बनेगा। सरकार निवेशकों को विश्वस्तरीय अधोसंरचना उपलब्ध कराकर छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी टेक्सटाइल एवं गारमेंट निर्माण केंद्र बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।





