ट्राई सीरीज में आज उतरेगा इंडिया-A, IPL के बाद पहली बार खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी

दिल्ली। भारत-A और श्रीलंका-A के बीच वनडे ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला आज श्रीलंका के रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा। इस ट्राई सीरीज में तीसरी टीम अफगानिस्तान-A है। मुकाबले पर सभी की नजरें 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी, जो IPL 2026 के बाद पहली बार मैदान पर उतरेंगे।
भारतीय टीम की कमान तिलक वर्मा के हाथों में होगी, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ को उपकप्तान बनाया गया है। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद सूर्यवंशी से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। उन्होंने IPL 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी। इसके अलावा मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने का अवॉर्ड भी अपने नाम किया था।
हालिया रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारत-A और श्रीलंका-A के बीच खेले गए पिछले पांच मुकाबलों में श्रीलंका-A का पलड़ा भारी रहा है। श्रीलंका ने दो मैच जीते हैं, जबकि भारत को एक जीत मिली है। दो मुकाबले बारिश की वजह से बेनतीजा रहे थे। ऐसे में भारतीय टीम पुराने रिकॉर्ड को सुधारने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
भारतीय बल्लेबाजी में कप्तान तिलक वर्मा, प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी अहम भूमिका निभाएंगे। गेंदबाजी विभाग में निशांत सिंधु, अंशुल कंबोज और अरशद खान से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। दूसरी ओर श्रीलंका-A की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी सहान अराचिगे और नुवानिदु फर्नांडो पर होगी।
दांबुला का यह मैदान वनडे क्रिकेट के लिए संतुलित माना जाता है। यहां अब तक 70 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं। ऐसे में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें खासतौर पर वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी, जो एक बार फिर अपनी प्रतिभा दिखाने को तैयार हैं।





