ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नवा रायपुर बनेगा हाई-टेक इंडस्ट्री हब: छत्तीसगढ़ में लगेगा पहला सेमीकंडक्टर प्लांट

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से हाई-टेक उद्योगों का नया केंद्र बनता जा रहा है। राज्य को औद्योगिक विकास के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। नवा रायपुर में दूसरे विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) को मंजूरी मिल गई है, जहां राज्य का पहला सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र स्थापित किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, Polymatech Electronics Limited को नवा रायपुर में 10.13 हेक्टेयर क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स और इंजीनियरिंग आधारित एसईजेड स्थापित करने की अनुमति दी गई है। यहां सेमीकंडक्टर और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्माण होगा। इस परियोजना के शुरू होने से छत्तीसगढ़ तकनीक आधारित उद्योगों के नए दौर में प्रवेश करेगा।

सरकार का मानना है कि यह परियोजना राज्य में निवेश बढ़ाने, निर्यात को मजबूती देने और छत्तीसगढ़ को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही युवाओं के लिए तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे। अनुमान है कि अगले पांच वर्षों में इस परियोजना से 1300 से ज्यादा रोजगार सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह मंजूरी राज्य में बन रहे सकारात्मक औद्योगिक माहौल का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर आधारभूत सुविधाएं, पारदर्शी व्यवस्था और निवेश अनुकूल नीतियों के जरिए भविष्य के उद्योगों के लिए मजबूत वातावरण तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर तकनीक भविष्य की सबसे बड़ी जरूरत है और नवा रायपुर में बनने वाला यह संयंत्र छत्तीसगढ़ के तकनीकी भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।

छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल रही है। भारत सरकार की LEADS 2025 रैंकिंग में राज्य को स्थलरुद्ध राज्यों की श्रेणी में “हाई परफॉर्मर” माना गया है। नया एसईजेड अब राज्य को इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।

Related Articles

Back to top button