अमित शाह ने चखा बस्तर की इमली का स्वाद: बोले- यहां की इमली खट्टी नहीं, मीठी है

बस्तर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार गांव पहुंचे। यहां उन्होंने सीआरपीएफ कैंप में शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा (जन सुविधा केंद्र) का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बस्तर की प्रसिद्ध इमली का स्वाद भी चखा और कहा कि यहां की इमली खट्टी नहीं बल्कि बेहद मीठी है।
गृह मंत्री ने इमली प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण किया और वहां काम कर रही महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि इमली प्रसंस्करण से उनकी आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। समूह की सदस्य लंबी नाग ने बताया कि इस काम से वे सालाना करीब एक लाख रुपए तक कमा सकेंगी। यहां महिलाएं उच्च गुणवत्ता वाला इमली पल्प तैयार कर रही हैं।
अमित शाह ने सेवा सेतु केंद्र का भी दौरा किया। यहां ग्रामीणों को आधार कार्ड, ई-केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट, ई-आधार और विभिन्न प्रमाण पत्र जैसी ऑनलाइन सुविधाएं गांव में ही मिल रही हैं। ग्राम नेतानार की सुखदेवी ने बताया कि पहले आधार कार्ड बनवाने के लिए 10 किलोमीटर पैदल नानगुर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही सुविधा मिलने लगी है।
महिला हितग्राही सोनामनी ने बताया कि महतारी वंदन योजना के लिए ई-केवाईसी कराने में दूरी बड़ी समस्या थी, लेकिन अब गांव में केंद्र खुलने से काम आसान हो गया है। यहां बैंक सखी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे महिलाएं बैंकिंग सेवाओं से जुड़ सकेंगी।
गृह मंत्री ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और धान डेकी केंद्र का भी निरीक्षण किया। महिलाओं ने बताया कि प्रशिक्षण के जरिए वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





