ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

डामर संकट के बीच सड़कों के वैकल्पिक समाधान खोजें: मंत्री लखनलाल देवांगन ने अधिकारियों को दिए निर्देश

कोरबा। कोरबा में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने अधिकारियों को सड़कों की खराब स्थिति सुधारने के लिए वैकल्पिक उपाय खोजने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट एशिया में युद्ध की स्थिति के कारण डामर की कमी बनी हुई है, जिससे सड़क डामरीकरण के काम प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में उच्च स्तर पर चर्चा कर वैकल्पिक रास्ते निकाले जाएं ताकि बरसात में लोगों को परेशानी न हो।

सोमवार को नगर निगम कोरबा के कोसाबाड़ी, पं. रविशंकर शुक्ल नगर और बालको जोन के 28 वार्डों की समीक्षा बैठक में मंत्री ने विकास कार्यों की प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई सड़कों के लिए स्वीकृति, निविदा और कार्यादेश पहले ही जारी हो चुके हैं, लेकिन डामर की अनुपलब्धता के कारण काम शुरू नहीं हो पाया है।

मंत्री ने अधिकारियों को बरसात से पहले नालों और नालियों के निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधूरे या रुके हुए कार्यों को जल्द शुरू कराया जाए, अन्यथा संबंधित एजेंसियों की जमा अमानत राशि राजसात की जाएगी।

बैठक में सीसी रोड, नाली, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य अधोसंरचना कार्यों की वार्डवार समीक्षा की गई। मंत्री ने अभियंताओं को लगातार मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी वार्ड में पानी सप्लाई बाधित होने पर तत्काल टैंकर भेजे जाएं। वहीं नई स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य में भी तेजी लाने को कहा गया।

स्वच्छता व्यवस्था पर भी मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि कोरबा को देश में स्वच्छता रैंकिंग में नंबर-1 बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

Related Articles

Back to top button