सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा ग्रामीणों का भरोसा: 400 से ज्यादा आवेदन, कई समस्याओं का मौके पर समाधान

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत मटेनार में सुशासन तिहार के तहत आयोजित संयुक्त शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। 12 ग्राम पंचायतों के लिए लगाए गए इस शिविर में लोगों ने शासन की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं से जुड़े 400 से अधिक आवेदन जमा किए। इनमें कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को राहत दी गई।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य कमला विनय नाग, जनपद सदस्य संतनी ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, सरपंच, उपसरपंच और पंचगण मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समाधान की प्रक्रिया पूरी की।
ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए इस शिविर में कृषि विभाग ने 11 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए। वहीं 6 हितग्राहियों को जन्म प्रमाण पत्र भी दिए गए।
इसके अलावा आधार कार्ड सुधार, नए आधार कार्ड बनवाने, महतारी वंदन योजना के लिए आधार लिंकिंग, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र बनाने जैसी सेवाएं भी मौके पर उपलब्ध कराई गईं। कई आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
ग्रामीणों ने शिविर में त्वरित समाधान और एक ही जगह पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने पर संतोष जताया। लोगों का कहना था कि दूरस्थ क्षेत्रों में ऐसे शिविर काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं। इससे समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है और छोटे-छोटे कामों के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ रहा।
प्रशासन का कहना है कि सुशासन तिहार के तहत लगाए जा रहे शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। ये शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और आम लोगों के बीच भरोसा मजबूत करने का काम कर रहे हैं।





