StateNewsदेश - विदेश

गोवा कांग्रेस नेता केतन भाटीकर की सांप के काटने से मौत, पोंडा उपचुनाव में थे उम्मीदवार

गोवा। गोवा कांग्रेस के युवा नेता केतन भाटीकर का सांप के काटने से निधन हो गया। गुरुवार रात हुई इस घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर फैल गई। भाटीकर की उम्र 38 साल थी और वे गोवा की राजनीति में तेजी से उभरते चेहरे माने जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, केतन भाटीकर किसी निजी काम से कर्नाटक के दांडेली गांव जा रहे थे। इसी दौरान गोवा-कर्नाटक सीमा पर स्थित करमल घाट इलाके में वे वाहन से उतरे थे। तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। घटना के तुरंत बाद उनके साथ मौजूद लोगों ने उन्हें गोवा के धरबंदोरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भाटीकर हाल ही में पोंडा विधानसभा उपचुनाव को लेकर चर्चा में थे। वे कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार बनाए गए थे, लेकिन बाद में हाईकोर्ट के फैसले के बाद यह उपचुनाव रद्द कर दिया गया था। इसके खिलाफ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका यानी SLP दायर की थी, जिस पर अभी सुनवाई लंबित है।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि केतन भाटीकर जमीन से जुड़े और सक्रिय नेता थे, जिन्होंने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके असामयिक निधन से गोवा कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने इलाके में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश के मौसम में जंगल और घाट क्षेत्रों में सांपों की गतिविधियां बढ़ने के कारण विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button